ढकना रोड पर देर रात धधकी दुकान, CCTV और DVR भी जले; आग लगने के कारणों को लेकर उठे सवाल।
चंपावत। जिला मुख्यालय के ढकना रोड स्थित टैक्सी स्टैंड के समीप रविवार देर रात एक दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में फ्रिज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर, व्यापारिक सामग्री समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना में दुकान स्वामी को भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।

दुकान स्वामी राकेश तड़ागी ने आग की घटना को संदिग्ध बताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि दुकान के तीन अलग-अलग स्थानों पर आग लगाए जाने के संकेत मिले हैं। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और उनके दावे की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग की घटना में दुकान में लगे CCTV कैमरे और DVR भी पूरी तरह जल गए, जिससे घटना से जुड़े महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य नष्ट होने की आशंका है। ऐसे में आग किन परिस्थितियों में लगी और घटना के पीछे कोई अन्य कारण था या नहीं, यह पता लगाना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बन गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर व्यापार मंडल अध्यक्ष बिट्टू शाह के नेतृत्व में व्यापारी वर्ग पुलिस थाने पहुंचा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। व्यापारियों ने पुलिस से कहा कि घटना की हर संभावित एंगल से जांच की जाए, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सके। व्यापारियों ने यह भी मांग की कि जांच में यदि किसी की भी भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल महामंत्री हरीश सक्टा,भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील पुनेठा,युवा व्यापार संघ अध्यक्ष मयूख चौधरी,भाजपा नेता मोहन भट्ट, युवा व्यापार संघ महामंत्री आनंद अधिकारी (अन्नू), संरक्षण व्यापार समिति के ललित मोहन गोस्वामी समेत व्यापार समिति के पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।
घटना के बाद व्यापारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। क्या दुकान में लगी आग महज एक हादसा थी या इसके पीछे कोई और वजह थी? इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
