चंपावत: अंतिम चरण में पहुंचा चंपावत सर्किट हाउस निर्माण, डीएम मनीष कुमार ने किया निरीक्षण।

Share This Post

31 जुलाई तक कार्य पूरा करने के निर्देश, कुमाऊँनी स्थापत्य शैली में तैयार हो रहा राज्य अतिथि गृह।

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत निर्माणाधीन सर्किट हाउस (राज्य अतिथि गृह) का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य पर संतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप 31 जुलाई तक हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि परियोजना जल्द जनपद को समर्पित की जा सके।
डीएम ने बताया कि सर्किट हाउस का निर्माण पारंपरिक कुमाऊँनी स्थापत्य शैली में किया जा रहा है। भवन में स्थानीय वास्तुकला, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरणीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे यह आधुनिक सुविधाओं के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का भी प्रतीक बनेगा।
उन्होंने कहा कि सर्किट हाउस बनने से राज्य स्तरीय अतिथियों, अधिकारियों एवं विशिष्ट आगंतुकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही प्रशासनिक व्यवस्थाएं मजबूत होंगी और जनपद में पर्यटन व विकास गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

फोटो    निर्माणाधीन सर्किट हाउस का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post