ककराली गेट से मुख्य मंदिर तक 20 किमी मार्ग होगा रोशन, अंतिम तीन किमी में बिछेगी अंडरग्राउंड केबल; मुख्यमंत्री धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ विजन को मिली नई रफ्तार।
टनकपुर/चंपावत। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पूर्णागिरि धाम को वर्षभर वैष्णो देवी की तर्ज पर संचालित करने की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना अब धरातल पर तेजी से उतर रही है। जिलाधिकारी मनीष कुमार की सतत निगरानी में जिला प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को 8 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से ककराली गेट से मुख्य मंदिर तक करीब 20 किलोमीटर लंबे मार्ग पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की महत्वाकांक्षी परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया गया।
दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, प्रकार तिवारी की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ परियोजना का शुभारंभ हुआ। आचार्य गिरीश पांडे के आचार्यत्व में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रतिनिधि दीपक रजवार और प्रकाश तिवारी मुख्य यजमान रहे। दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत को हिमालयी राज्यों का मॉडल जिला बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। पूर्णागिरि धाम में आधुनिक सुविधाओं के विकास से यहां वर्षभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ेगी और दूर से ही रोशनी से जगमगाता मां पूर्णागिरि का पर्वत श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करेगा।
परियोजना के तहत ककराली गेट से मुख्य मंदिर तक पूरा मार्ग एलईडी रोशनी से जगमग होगा, जबकि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अंतिम तीन किलोमीटर क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबल बिछाई जाएगी ताकि वन क्षेत्र को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता डी.के. जोशी, अधिशासी अभियंता विजय सकारिया, एसडीओ, एम एस. ब्रिजलाल , अनुभाग अधिकारी नरेंद्र प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो_ मां पूर्णागिरि धाम में 8.10 करोड़ रुपये की एलईडी प्रकाश व्यवस्था परियोजना का पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ करते दर्जा राज्य मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधि।
चंपावत: वैष्णो देवी की तर्ज पर जगमगाएगा पूर्णागिरि धाम, 8.10 करोड़ की एलईडी परियोजना का शुभारंभ।
