चंपावत: आपदा में अपनों का सहारा बनी रेड क्रॉस की टीम, हरम के प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई राहत।

Share This Post

बाघ हमले में घायल सुरेश के घर भी पहुंची टीम।

चंपावत। आपदा और संकट की घड़ी में जब मदद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, तब रेड क्रॉस सोसाइटी चंपावत जरूरतमंदों के साथ खड़ी नजर आई। जिलाधिकारी मनीष कुमार और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान के मार्गदर्शन में रेड क्रॉस सोसाइटी की टीम ने हरम गांव पहुंचकर आपदा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। टीम ने पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन राजेन्द्र गहतोड़ी की मौजूदगी में जिला आपदा प्रबंधन एवं राजस्व विभाग के सहयोग से राहत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रभावित परिवारों को जरूरत के अनुसार आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। सोसाइटी के कोषाध्यक्ष प्रेम बल्लभ भट्ट, सक्रिय सदस्य जनार्दन चिलकोटी और जिला आपदा प्रबंधन विभाग से कमलाकांत कापड़ी भी मौजूद रहे।
राहत सामग्री पाने वालों में बसन्ती देवी, केसरी देवी, लक्ष्मी देवी, अम्बादत्त, अमर सिंह, माता देवी, कलावती देवी, हीरा देवी और प्रह्लाद सिंह शामिल रहे। राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित परिवारों ने रेड क्रॉस सोसाइटी का आभार जताया।

उधर राहत अभियान के तहत टीम सिमल्टा गांव भी पहुंची। यहां कुछ दिन पूर्व बाघ के हमले में घायल हुए सुरेश चन्द्र पांडे के घर पहुंचकर टीम ने उनका हालचाल जाना। रेड क्रॉस की ओर से उन्हें भी राहत सामग्री प्रदान की गई। टीम ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
रेड क्रॉस सोसाइटी चंपावत ने स्पष्ट किया कि आपदा हो या कोई अन्य आपात स्थिति, संकट की घड़ी में जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाना संस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सोसाइटी ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।

फोटो_ हरम गांव में आपदा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करती रेड क्रॉस सोसाइटी की टीम।


Share This Post