चंपावत: पहाड़ों की सुरम्य वादियों में बसे गोल्जू महाराज मंदिर में बहेगी भक्ति की गंगा, 1 अगस्त से श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन।

Share This Post

चंपावत। पहाड़ों की सुरम्य वादियों और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आस्था के केंद्र न्याय के देवता गोल्जू महाराज मंदिर में एक अगस्त से भक्ति और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मंदिर प्रांगण में एक से आठ अगस्त तक सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा के दौरान श्रीमद्भागवत की अमृतवाणी से पूरा वातावरण भक्तिमय होगा।

प्रसिद्ध कथावाचक राजेंद्र तिवारी भक्तों को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा का शुभारंभ एक अगस्त को सुबह आठ बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। पूरे कुमाऊनी पारंपरिक परिधान में सजी माताएं और बहनें सिर पर कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा में शामिल होंगी। कलश यात्रा नागनाथ मंदिर से शुरू होकर बालेश्वर मंदिर होते हुए गोल्जू महाराज मंदिर पहुंचेगी।

आयोजक समिति ने क्षेत्र की माताओं और बहनों से पूरे कुमाऊनी परिधान में सजकर कलश यात्रा में शामिल होने का विशेष आग्रह किया है। वहीं, धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।
श्री गोल्जू ग्राम सेवा समिति, गौरलचौड़ ने श्रद्धालुओं से इस पावन धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में तन-मन-धन से सहयोग करने का आह्वान किया है।


Share This Post