अति तीव्र बारिश व आकाशीय बिजली की चेतावनी के बाद प्रशासन का फैसला, ऑनलाइन माध्यम से होगी पढ़ाई
चंपावत। मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद चंपावत जिले में बुधवार, 29 जुलाई को कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने जिले में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
अपर जिला मजिस्ट्रेट एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय बंद रहेंगे। हालांकि, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा।
प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
चंपावत में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद।
