MIS अपडेट, व्यापक आउटरीच और समयबद्ध कार्यप्रणाली पर दिया जोर।
चंपावत। परियोजना निदेशक अजय सिंह ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY–RBI) कार्यालय का निरीक्षण कर योजनान्तर्गत संचालित गतिविधियों, भौतिक प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर अनुश्रवण, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की प्रगति एवं ऑनलाइन प्रबंधन सूचना प्रणाली (MIS) की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं से संबंधित सूचनाओं को समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत अपडेट करने के निर्देश दिए। साथ ही सटीक आंकड़ों की प्रविष्टि एवं नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर जोर दिया।
परियोजना निदेशक ने आउटरीच गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित कर योजना की जानकारी अधिक से अधिक संभावित एवं वर्तमान उद्यमियों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उद्यमिता एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्रवार और लक्ष्य-आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यालय परिसर की स्वच्छता, अभिलेखों के रख-रखाव एवं कार्यस्थल प्रबंधन का भी जायजा लिया। कार्यालय भवन की आवश्यक मरम्मत, रंग-रोगन एवं नियमित रख-रखाव के कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान यू-कॉस्ट महिला प्रौद्योगिकी इकाई की गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों एवं कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। परियोजना निदेशक ने संसाधनों का प्रभावी उपयोग, बेहतर सेवा वितरण एवं इकाई की कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान इन्क्यूबेशन मैनेजर पंकज बिष्ट, बीपीडीई विश्व दीपक, फील्ड कोऑर्डिनेटर ललित प्रसाद सहित यू-कॉस्ट टीम मौजूद रही। परियोजना निदेशक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए योजना का लाभ अधिक से अधिक उद्यमियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
फोटो_चंपावत में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY–RBI) कार्यालय का निरीक्षण करते परियोजना निदेशक अजय सिंह।

