चंपावत: योग अपनाइए, नशे से दूर रहिए- प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों से किया सीधा संवाद।

Share This Post

जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने सुना प्रधानमंत्री का ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ संदेश, डीएम मनीष कुमार ने भी किया प्रेरित।

चंपावत। जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत के छात्र-छात्राओं ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने युवाओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि भारत की योग, प्राणायाम और ऋषि-मुनियों की महान परंपरा ही नशे जैसी बुराइयों से बचाने का सबसे प्रभावी मार्ग है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा आज वैश्विक चुनौती बन चुका है, लेकिन भारत जैसे युवा देश में इसकी बढ़ती प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से योग, खेल और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर नशे से दूर रहने का आह्वान किया। देशभर में हजारों स्थानों से लाखों विद्यार्थियों और युवाओं ने इस कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़कर उनका संदेश सुना।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को कुछ समय के लिए भ्रमित कर सकता है, लेकिन धीरे-धीरे उसका भविष्य और जीवन दोनों बर्बाद कर देता है। उन्होंने छात्रों से सदैव नशे से दूर रहने और अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की अपील की। साथ ही जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों की जागरूकता की सराहना करते हुए प्राचार्य के.के. तिवारी के प्रयासों की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्राचार्य के.के. तिवारी ने जिलाधिकारी मनीष कुमार और अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी का स्वागत किया।

फोटो_ ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुनते छात्र-छात्राएं एवं उपस्थित अधिकारी।


Share This Post