चंपावत: स्वाला डेंजर जोन पर सरकार का बड़ा ‘सुरक्षा कवच’, 17.85 करोड़ के ट्रीटमेंट से थमा भूस्खलन।

Share This Post

निचले हिस्से में भी 8.25 करोड़ से सुरक्षा कार्य तेज, 90 फीसदी काम पूरा; केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने लिया जायजा।

चंपावत। पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वाला डेंजर जोन में बारिश के दौरान भूस्खलन से बार-बार बाधित होने वाली राह को सुरक्षित करने की कवायद रंग लाने लगी है। पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में 17.85 करोड़ रुपये से कराए जा रहे ट्रीटमेंट और सुदृढ़ीकरण कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। इसका असर मौजूदा मानसून में भी दिखाई दिया और बारिश के बावजूद स्वाला में यातायात सुचारू बना रहा।
शनिवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने स्वाला डेंजर जोन पहुंचकर ऑल वेदर रोड के सुरक्षा एवं ट्रीटमेंट कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और तकनीकी टीम से कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।
टम्टा ने बताया कि स्वाला के निचले हिस्से के उपचार एवं सुरक्षा कार्य के लिए 8.25 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। इस कार्य का करीब 85 से 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। जल्द ही ब्लैकटॉपिंग का काम भी शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में शुरू हुई ऑल वेदर रोड परियोजना से टनकपुर से पिथौरागढ़, धारचूला, गुंजी और लिपुलेख तक कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। स्वाला जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में किए जा रहे सुरक्षा कार्यों से मानसून के दौरान सड़क बंद होने की समस्या को काफी हद तक कम करने में मदद मिल रही है।
क्वारब में भी 10 करोड़ से वैकल्पिक इंतजाम
केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि क्वारब में भी करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास सड़क और दो बैली ब्रिज तैयार किए गए हैं। आपदा या सड़क बाधित होने की स्थिति में ये वैकल्पिक मार्ग यातायात को जारी रखने में मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही पहाड़ों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता समेत संबंधित अधिकारी और तकनीकी टीम मौजूद रही।

फोटो_स्वाला डेंजर जोन में ऑल वेदर रोड के ट्रीटमेंट कार्यों का निरीक्षण करते केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा।


Share This Post