

चंपावत। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें जिलेभर से पहुंचे लोगों ने 100 आवेदन व शिकायतें दर्ज कराईं। सड़क, पेयजल, भूमि, राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि, आर्थिक सहायता, बकरी पालन, नाली-सफाई, सुरक्षा दीवार, चैनल फेंसिंग और विद्यावाहिनी से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में 13 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए। ग्रामीणों ने पेयजल लाइन, क्षतिग्रस्त मार्ग, गूलों की मरम्मत, विद्यालय भवन, सौर ऊर्जा मशीन, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि और कन्याधन योजना से संबंधित समस्याएं भी रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम विपिन चंद्र पंत, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो_ जनता मिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।




