चंपावत: स्वतंत्रता दिवस पर डीएम मनीष कुमार का संदेश- “हर व्यक्ति मजबूत होगा तो चंपावत बनेगा मॉडल जिला”।

Share This Post

तिरंगे के नीचे लें संकल्प—देश की प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाने वाला कोई कार्य नहीं करेंगे; पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और जलस्रोतों का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी।

चंपावत। स्वतंत्रता दिवस की पावन बेला पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि आज हम देश की आन, बान और शान तिरंगे के नीचे यह संकल्प लें कि ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे, जिससे राष्ट्र की प्रतिष्ठा को आघात पहुंचे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त समाज और जलस्रोतों के संरक्षण को वर्तमान समय की गंभीर चुनौतियां बताते हुए इन क्षेत्रों में सामूहिक प्रयासों की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की परिकल्पना चम्पावत को ऐसा मॉडल जिला बनाने की है, जिसका अनुसरण हिमालयी राज्यों के लोग कर सकें। जिला प्रशासन इसी लक्ष्य के साथ विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। डीएम ने कहा कि ग्रामीण विकास का वास्तविक स्वरूप तभी दिखाई देगा, जब लोगों के चेहरों पर मुस्कान आए। जिले के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने जनपदवासियों से नई सोच, नई ऊर्जा और सामूहिक संकल्प के साथ चम्पावत को हर क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

“हर व्यक्ति मजबूत होगा, तो उसका प्रतिबिंब राष्ट्र के हर क्षेत्र में दिखाई देगा।”


फोटो_जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post