

तिरंगा यात्राओं में उमड़ा राष्ट्रप्रेम, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हाथों में थामा राष्ट्रीय ध्वज; स्वतंत्रता दिवस को लेकर दिखा जबरदस्त उत्साह।
चंपावत। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को चंपावत जनपद राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य तिरंगा यात्राएं और रैलियां निकाली गईं। हाथों में तिरंगा थामे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्मिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विकासखंड स्तर पर आयोजित तिरंगा यात्रा में ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
रैलियों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद किया गया। आयोजनों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को देश के लिए समर्पण, सेवा और जिम्मेदारी की भावना से जुड़ने का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्राओं ने जनपद में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द का संदेश भी मजबूत किया। स्वतंत्रता दिवस से पहले जिलेभर में दिखाई दे रहा उत्साह इस बात का संकेत है कि चंपावत 15 अगस्त को पूरे गौरव और उमंग के साथ मनाने के लिए तैयार है।
बॉक्स_
प्रशासन ने की ‘हर घर तिरंगा’ की अपील_
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए राष्ट्र के प्रति सम्मान, निष्ठा और गौरव की भावना को उत्साहपूर्वक व्यक्त करने का आह्वान किया है।
फोटो – ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत चंपावत में निकाली गई तिरंगा यात्रा में राष्ट्रीय ध्वज हाथों में थामे शामिल जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्मिक।




