

टनकपुर/चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को शारदा घाट पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शारदा घाट के विकास एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और तकनीकी गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शारदा घाट पर बेहतर सुविधाएं विकसित होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रमोद कुमार, एगिस इंडिया कंसल्टिंग कंपनी के टीम लीडर सत्यजीत राय गुप्ता, आरके यादव, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड रघुवर दत्त भट्ट, सहायक अभियंता मनोज तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप कीर्ति तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो_शारदा घाट पर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार, साथ में मौजूद अधिकारी।




