गोपालन यूनिट स्थापित होने से पशुपालकों को मिलेगा स्वरोजगार का संबल
चंपावत।जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में राजकीय पशु चिकित्सालय (सचल), चंपावत द्वारा सीमांत ग्राम तामली, विकासखंड चंपावत में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पंचम वाहिनी के सहयोग से पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सीमांत क्षेत्र के पशुपालकों को उनके द्वार पर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
शिविर के दौरान 33 पशुपालकों के कुल 197 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक औषधियां वितरित की गईं। इसके साथ ही कई पशुओं की शिविर स्थल एवं पशुपालकों के घरों पर जाकर जांच की गई, जिससे दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को राहत मिली।
इसके अतिरिक्त गोपालन योजना के अंतर्गत चयनित 03 लाभार्थियों की गोपालन यूनिट स्थापित की गई। इस पहल से स्थानीय पशुपालकों को स्वरोजगार, आयवर्धन और पशुपालन को प्रोत्साहन मिलेगा।
शिविर में सीमा सुरक्षा बल के जवानों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी (सचल) डॉ. वैशाली शाह एवं पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी कैलाश चंद्र जोशी सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो_ नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर में पशु का उपचार करते पशु चिकित्सक, मौके पर मौजूद सीमा सुरक्षा बल के जवान।
चंपावत: सीमांत ग्राम तामली में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित, 197 पशुओं का उपचार।
