चंपावत: अग्निकांड पीड़ितों और सड़क हादसे में घायल को सीएम राहत कोष से मिली ₹6 लाख की सहायता।

Share This Post

टनकपुर/चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से चंपावत जिले के अग्निकांड पीड़ितों और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को मुख्यमंत्री राहत कोष से कुल ₹6 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पीड़ितों को एक-एक लाख रुपये के सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
गौरतलब है कि 13 मई की तड़के टनकपुर के वार्ड नंबर-1, पुरानी टंकी के पास दुकानों में भीषण आग लग गई थी। आग की चपेट में आने से कई परिवार प्रभावित हुए और दुकानों को काफी नुकसान पहुंचा था। हालांकि फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बुधवार को विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पालिका अध्यक्ष बिपिन कुमार और मंडल अध्यक्ष तुलसी कुमार ने अग्निकांड प्रभावित रुचि वर्मा पत्नी वरुण वर्मा, देवेंद्र पुत्र सीताराम, करन पुत्र देवेंद्र कुमार, राम प्रसाद तथा श्यामू पुत्र मैकूलाल को मुख्यमंत्री राहत कोष से एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान किए। इसके अलावा सड़क दुर्घटना में घायल ज्ञानखेड़ा निवासी प्रेम सिंह पुत्र जीत सिंह को भी मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया। इस दौरान सहायता राशि प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि संकट की घड़ी में सरकार की ओर से मिली यह आर्थिक सहायता उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है।


फोटो :मुख्यमंत्री राहत कोष से अग्निकांड पीड़ितों एवं सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सहायता राशि के चेक वितरित करते विधायक प्रतिनिधि, नगर पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष।


Share This Post