चंपावत: मां पूर्णागिरि धाम तक अब आसान होगी चढ़ाई, 45 करोड़ के रोपवे निर्माण में तेजी के निर्देश।

Share This Post

950 मीटर लंबे रोपवे से महज 5 मिनट में होगा सफर, प्रति घंटे 800 श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा।

चंपावत। माँ पूर्णागिरि धाम की कठिन चढ़ाई अब श्रद्धालुओं के लिए आसान होने जा रही है। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी माँ पूर्णागिरि माता रज्जू मार्ग (रोपवे) परियोजना को जमीन पर तेजी से उतारने की कवायद शुरू हो गई है। करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे रोपवे निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति परखी और कार्यदायी संस्था को निर्माण की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परियोजना स्थल पर पहुंचकर विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए और परियोजना को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

माँ पूर्णागिरि धाम देश-प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। रोपवे बनने के बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा की बड़ी सौगात मिलेगी।
प्रोजेक्ट मैनेजर रोपवे महेंद्र सिंह के अनुसार, लगभग 950 मीटर लंबे और 250 मीटर ऊंचाई वाले इस रोपवे का निर्माण अत्याधुनिक ‘Tri Cable Jig Back’ सिस्टम से किया जा रहा है। इसमें दो आधुनिक केबिन लगाए जाएंगे और प्रत्येक केबिन में 60+1 यात्रियों के सफर की क्षमता होगी। रोपवे शुरू होने के बाद श्रद्धालु महज पांच मिनट में अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे, जबकि प्रति घंटे करीब 800 यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे विशेष रूप से वृद्धजनों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

रोपवे परियोजना के पूरा होने से माँ पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को नई उड़ान मिलने की उम्मीद है। इससे जहां श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक सुगम होगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और अन्य कार्मिक मौजूद रहे।

फोटो_ माँ पूर्णागिरि रोपवे परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post