

24 अगस्त को मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुभारंभ, चंपावत समेत प्रदेश के 95 विकासखण्डों से जुड़ेंगे महिला स्वयं सहायता समूह।
देहरादून/चंपावत। ग्रामीण महिलाओं को स्थायी आजीविका और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड सरकार ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ की शुरुआत करने जा रही है। योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 24 अगस्त को प्रातः 12:30 बजे सचिवालय परिसर से करेंगे।
उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (USRLM) एवं ग्राम्य विकास विभाग की इस महत्वपूर्ण पहल से प्रदेश के सभी 95 विकासखण्डों को जोड़ा जाएगा। चम्पावत जनपद में भी संबंधित अधिकारी, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं एवं अन्य प्रतिभागी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनके स्थानीय उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ महिलाओं की आय और आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत होने की उम्मीद है।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ग्राम्य विकास, लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सरकार की इस पहल को ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




