

‘कैसा हो अपना उत्तराखंड?’ पर युवाओं ने रखे विकास के नए विचार।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अभिनव पहल ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ में जनपद चंपावत के कक्षा 11वीं और 12वीं के सभी विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। निर्धारित अंतिम तिथि 24 अगस्त तक जिले के सभी विद्यार्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से अपने सुझाव और विचार भेजकर शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित की।
मंथन के तहत विद्यार्थियों से ‘कैसा हो अपना उत्तराखंड?’ विषय पर राज्य के भविष्य और विकास को लेकर सुझाव मांगे गए थे। विद्यार्थियों ने पर्यटन विकास, रोजगार के नए अवसर, वन एवं पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिलाओं की भागीदारी, सड़क एवं कनेक्टिविटी, चिकित्सा-स्वास्थ्य सुविधाओं तथा तकनीकी विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उनके सुझावों में पहाड़ की जरूरतों के साथ-साथ आधुनिक और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की परिकल्पना भी देखने को मिली।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले के विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि युवा शक्ति राज्य के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण भागीदार है। विद्यार्थियों की सोच, रचनात्मक विचार और सुझावों को विकास की दिशा से जोड़कर उत्तराखंड के लिए बेहतर विजन तैयार किया जा सकता है। कार्यक्रम के तहत प्राप्त सुझावों में से उत्कृष्ट प्रविष्टियों का चयन विशेषज्ञों की टीम द्वारा किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ सीधे संवाद एवं मंथन का अवसर मिलेगा। इस दौरान विद्यार्थियों के सुझावों पर चर्चा कर उपयोगी विचारों को नीति निर्माण और विकास योजनाओं में शामिल करने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।
चंपावत के विद्यार्थियों की यह शत-प्रतिशत सहभागिता ‘युवा शक्ति की भागीदारी से विकसित उत्तराखंड’ की परिकल्पना को मजबूत आधार देती है और यह दर्शाती है कि जिले के युवा राज्य के भविष्य को लेकर जागरूक एवं सक्रिय हैं।
फोटो_ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।



