चंपावत: कृष्ण भक्ति में डूबा छतार, चिल्कोटी पार्क में गूंजे जय श्रीकृष्ण के जयकारे।

Share This Post

पांच साल से जारी जन्माष्टमी की परंपरा बनी वार्ड की पहचान, नन्हे कलाकारों और मातृशक्ति ने बांधा समां।

चंपावत। छतार का शहीद स्व. शिरोमणि चिल्कोटी चिल्ड्रेन पार्क शुक्रवार को कृष्ण भक्ति के रंग में ऐसा रंगा कि देर शाम तक माहौल भक्तिमय बना रहा। सभासद प्रेमा चिल्कोटी के निर्देशन में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों से लेकर मातृशक्ति की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

लगातार पांचवें वर्ष हुए आयोजन ने अब छतार में एक मजबूत धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा का रूप ले लिया है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने वाले आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। बच्चों को ऐसे मंच मिलने से उनमें संस्कारों के साथ अपनी संस्कृति के प्रति आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

जन्माष्टमी समारोह में बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां पेश कीं। गरबा, एकल नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को बांधे रखा। मंच पर नन्हे कलाकारों के उतरते ही तालियों की गूंज से पूरा पार्क गूंज उठा। मातृशक्ति की सामूहिक भागीदारी समारोह का खास आकर्षण रही।

सभासद प्रेमा चिल्कोटी ने कहा कि वार्ड को आदर्श बनाने की दिशा में विकास कार्यों के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी जैसे आयोजन बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी देते हैं।

कार्यक्रम का संचालन कविता पाण्डेय ने किया। इस दौरान समिति के पूर्व अध्यक्ष देवकीनंदन उप्रेती, संरक्षक लोकमणि पंत, महेश चन्द्र जोशी, जीबी जोशी, यशोधर भट्ट समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

फोटो_छतार के शहीद शिरोमणि चिल्कोटी चिल्ड्रेन पार्क में जन्माष्टमी समारोह के दौरान एक साथ मौजूद मातृशक्ति।


Share This Post