

कलश यात्रा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

चंपावत। श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में ढकना बडोला (चंपावत) में दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। मेला समिति अध्यक्ष प्रकाश सिंह भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन सुबह 10 बजे कलश स्थापना और भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा ढकना के भगवती मंदिर से शुरू होकर भूमिया मंदिर होते हुए देवलनाथ के शिव मंदिर तक पहुंची। यात्रा में समिति के सदस्यों, क्षेत्रीय महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान सितारगंज से आए छोलिया नृत्य दल की शानदार प्रस्तुति आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।
दोपहर में आयोजित उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सेतु आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी और भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत मौजूद रहे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अंचला बोहरा ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में धर्म, कर्म, कर्तव्य और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। विशिष्ट अतिथियों ने भी कार्यक्रम की जमकर सराहना की।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों और सांस्कृतिक दलों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली और नेपाली लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण लोहाघाट की प्रस्तुतियों को विशेष रूप से सराहा गया। सायंकालीन सत्र में आयोजित रैंप वॉक प्रतियोगिता में महिलाओं और बालिकाओं ने पारंपरिक कुमाऊंनी परिधान पहनकर एक सुंदर सामाजिक संदेश दिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, शिक्षक कमल शर्मा और नशामुक्ति संयोजक/वक्ता सामश्रवा आर्य द्वारा ‘नशा हटाओ’ हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सामाजिक कार्यकर्ता व रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी तथा ‘नशा हटाओ जीवन बचाओ’ के संयोजक प्रवक्ता सामश्रवा आर्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बीडीसी पवन भंडारी, पूर्व बीडीसी पूरन सिंह बडोला, ग्राम प्रधान जानकी बडोला, भुवन पांडेय, सुनील भंडारी, मदन सिंह कुंवर, प्रेम सिंह कुंवर, कमल सिंह कुंवर और अम्बादत्त फुलारा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समिति सदस्यों ने बताया कि 05 सितंबर (शनिवार) को समापन दिवस पर प्रातः काल से विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं, सुलेख (हिंदी व अंग्रेजी), पेंटिंग, भाषण प्रतियोगिता (पर्यावरण, स्वच्छता, नशामुक्ति, बेटी बचाओ, दहेज प्रथा, शिक्षा में सूचना प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी का प्रयोग, हमारी संस्कृति एवं वेशभूषा विषय) तथा ‘कृष्णा सजाओ/राधा सजाओ’ प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
प्रसाद वितरण के बाद शाम 7:00 बजे लकी ड्रॉ निकाला जाएगा। समिति ने सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ उठाने की अपील की है।
फोटो_श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करतीं ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा।



