चंपावत: पिता-पुत्र की जन्मतिथि एक, परिवार रजिस्टर की गड़बड़ी से ग्रामीण परेशान।

Share This Post

2017 में ऑनलाइन फीडिंग के दौरान हुई थी चूक, अब श्रम कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज बनवाने में दिक्कत।

चंपावत। बडोली गांव में परिवार रजिस्टर की ऑनलाइन फीडिंग में हुई लापरवाही अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। परिवार रजिस्टर में एक ही परिवार के पिता-पुत्र, मां-बेटी समेत कई सदस्यों की जन्मतिथि एक ही दिन दर्ज मिली है। मामला सामने आने के बाद सरकारी रिकॉर्ड तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।

जीवानंद थ्वाल समेत ग्रामीण जब श्रम कार्ड बनवाने के लिए परिवार रजिस्टर की नकल लेने पहुंचे तो रिकॉर्ड देखकर हैरान रह गए। परिवार के अलग-अलग सदस्यों के जन्म वर्ष सही दर्ज हैं, लेकिन जन्मतिथि एक समान अंकित है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अन्य परिवारों के रिकॉर्ड में भी इसी तरह की त्रुटियां सामने आ रही हैं।



परिवार रजिस्टर में गलत जन्मतिथि दर्ज होने से ग्रामीणों को श्रम कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज बनवाने में दिक्कत हो रही है। रिकॉर्ड में संशोधन के लिए उन्हें संबंधित विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गलती सरकारी रिकॉर्ड तैयार करते समय हुई, लेकिन परेशानी उन्हें उठानी पड़ रही है।

बडोली के पंचायत सचिव हरेंद्र मेहरा ने बताया कि वर्ष 2017 में परिवार रजिस्टर को ऑनलाइन करते समय इस तरह की त्रुटियां हुई थीं। उन्होंने बताया कि कई मामलों में जन्म वर्ष सही है, लेकिन जन्मतिथि गलत दर्ज हो गई है।

ग्राम प्रधान तनुजा थ्वाल ने बताया कि इस तरह के कई मामले सामने आ रहे हैं। ग्रामीण गलत जन्मतिथियों को संशोधित कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड की त्रुटियों के कारण लोगों को जरूरी सरकारी दस्तावेज बनवाने में परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने मामले की जांच कर सभी प्रभावित परिवारों के रिकॉर्ड तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही सवाल उठाया है कि वर्ष 2017 में ऑनलाइन फीडिंग के दौरान हुई इस गलती का अब तक व्यापक स्तर पर सत्यापन क्यों नहीं किया गया।


Share This Post