

गया OTA की पासिंग आउट परेड में लेफ्टिनेंट पद की शपथ, देशसेवा के संकल्प के साथ सैन्य सफर शुरू।
बड़ौली-पौण के पुष्कर भट्ट की उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय, परिवार और क्षेत्र में खुशी।

पिथौरागढ़। पहाड़ की धरती ने देशसेवा के लिए एक और सैन्य अधिकारी दिया है। पिथौरागढ़ जिले के ग्राम सभा बड़ौली, पौण निवासी पुष्कर भट्ट भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। 5 सितंबर 2026 को बिहार के गया स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) में आयोजित पासिंग आउट परेड में सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पुष्कर ने लेफ्टिनेंट पद की शपथ ग्रहण की। सैन्य वर्दी में कदमताल करते पुष्कर का यह गौरवपूर्ण पल उनके परिवार के साथ ही पूरे पिथौरागढ़ और उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय बन गया।
कंधों पर चमके सितारे तो माता-पिता का सीना भी गर्व से चौड़ा हो गया। पुष्कर की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने बड़ौली-पौण गांव का मान बढ़ाने के साथ ही पूरे सीमांत जिले को गौरवान्वित किया है। क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने पुष्कर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की है।
लेफ्टिनेंट पुष्कर भट्ट श्री डीएन भट्ट के पुत्र तथा स्व. श्री बंशी धर भट्ट के पौत्र हैं। उनका स्थायी निवास ग्राम सभा बड़ौली, पोस्ट ऑफिस पौण, जिला पिथौरागढ़ है। वर्तमान में उनका अस्थाई निवास 610-C, Royal, Shipra Suncity, इंदिरापुरम, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश (NCR) में है।
पहाड़ का यह युवा अब सितारों वाली वर्दी में देश की रक्षा का दायित्व संभालेगा। OTA गया से प्रशिक्षण पूरा कर लेफ्टिनेंट बने पुष्कर भट्ट की यह सफलता पिथौरागढ़ की सैन्य परंपरा और यहां के युवाओं के जज्बे को और मजबूत करती है। गांव से निकलकर सेना में अधिकारी बनने तक का उनका सफर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की मिसाल बन गया है।
फोटो_बेटे के कंधों पर चमके सेना के सितारे, गर्व से माता-पिता के साथ खड़े लेफ्टिनेंट पुष्कर भट्ट।




