चंपावत:  नगर आजीविका सिलाई सेंटर का उद्घाटन, 40 महिलाओं को मिलेगा 30 दिवसीय प्रशिक्षण।

Share This Post

चंपावत।  दीनदयाल जन आजीविका योजना–शहरी (DAY-NULM) के अंतर्गत नगर पालिका परिषद् चम्पावत द्वारा गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आजीविका सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इसके तहत नगर आजीविका सिलाई सेंटर का उद्घाटन एवं 30 दिवसीय सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय द्वारा किया गया।



यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 जनवरी से 25 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसमें स्वयं सहायता समूह की 40 महिलाओं को सिलाई एवं कढ़ाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उद्घाटन अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय ने कहा कि नगर आजीविका सिलाई सेंटर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा। इस केंद्र के माध्यम से महिलाएं वस्त्र निर्माण कर आत्मनिर्भर बनेंगी तथा अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगी। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने का आश्वासन दिया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्री भरत त्रिपाठी ने नगर आजीविका केंद्र में निर्मित उत्पादों की सराहना करते हुए महिलाओं को गुणवत्ता आधारित कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभासदों एवं अतिथियों ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए नगर पालिका द्वारा किए जा रहे महिला सशक्तिकरण प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर वार्ड सभासद  प्रेमा चिलकोटी,  मणीप्रभा तिवारी,  दिनेश चन्द्र बर्दोला,  गौरव कलोनी, सामाजिक कार्यकर्ता  सूरज प्रहरी,  शनी वर्मा सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयं सहायता समूह की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।

फोटो_ नगर आजीविका सिलाई सेंटर का उद्घाटन करती नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे साथ में ईओ भरत त्रिपाठी।


Share This Post