हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार की पावन तीर्थस्थली हर की पौड़ी पर गंगा हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देशभर से आए साधु-संतों, साध्वियों तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली।

स्वामी हरी चेतनानंद के सान्निध्य में आयोजित इस सम्मेलन को संबोधित करते हुए संतों ने सनातन संस्कृति की महत्ता पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि सनातन परंपराएं भारतीय समाज की आत्मा हैं और इन मूल्यों की रक्षा एवं प्रचार-प्रसार के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर आगे आना होगा। सम्मेलन के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की। इन कार्यक्रमों के चलते हर की पौड़ी का संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मंच से हिंदू एकता, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका पर भी विचार रखे गए। वक्ताओं ने युवाओं से सनातन संस्कृति से जुड़ने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने गंगा पूजन कर धर्म लाभ प्राप्त किया। सम्मेलन के दौरान हर की पौड़ी क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
