चंपावत: रंग कारवां के छह साल पूरे, शिक्षा और नेतृत्व की मुहिम जारी।

Share This Post

स्थापना दिवस पर केंद्र पहुंचे डीएम मनीष कुमार, बच्चों की शिक्षा और युवाओं के विकास के लिए सहयोग पर हुई चर्चा

चंपावत। बच्चों की शिक्षा, युवाओं में नेतृत्व क्षमता और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में जुटी रंग कारवां संस्था ने शनिवार को अपना छठा स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। छह वर्षों से संस्था पुस्तकालय और पठन-पाठन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने के अवसर उपलब्ध कराने के साथ युवाओं और महिलाओं के नेतृत्व विकास पर काम कर रही है।

बाइट_जिलाधिकारी मनीष कुमार।

स्थापना दिवस पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संस्था के केंद्र का दौरा कर युवा टीम से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के लिए संचालित पुस्तकालय, पठन-पाठन गतिविधियों और युवाओं के साथ किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। डीएम ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए चंपावत के बच्चों और युवाओं के लिए शैक्षिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा संस्था के साथ मिलकर काम करने की संभावनाओं पर चर्चा की। उनका यह दौरा स्थानीय स्तर पर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के बीच समन्वय की दिशा में सकारात्मक पहल रहा।

दोपहर तीन बजे आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कला गतिविधियों और खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रंग कारवां के सभी युवा साथी मौजूद रहे।
संस्था की संस्थापक वंदना आशा ने युवा टीम और संस्था से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रंग कारवां स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर शिक्षा और सामाजिक बदलाव के लिए काम कर रही है। संस्था आने वाले वर्षों में अधिक सरकारी विद्यालयों तक पहुंच बनाकर बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए सीखने और नेतृत्व के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

फोटो_रंग कारवां के छठे स्थापना दिवस पर संस्था की युवा टीम के साथ जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post