

प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर तकनीकी शिक्षा तक की दी जानकारी, कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मिला करियर मार्गदर्शन
चंपावत। युवाओं को करियर की सही दिशा दिखाने और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने की पहल शुरू हुई है। बलिदानी सैनिक शिरोमणि चिलकोटी बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट ट्रस्ट की ओर से गुरुवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकमणी पंत रहे, जबकि अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेद सिंह बिष्ट ने की। कुमाऊं इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग सर्विसेज के मालिक बंशीधर चिलकोटी विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के संस्थापक जनार्दन चिलकोटी ने किया। इसमें आईटीआई के प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप करियर चुनने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी पाठ्यक्रमों, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सही समय पर मिलने वाला मार्गदर्शन युवाओं को भविष्य के बेहतर विकल्प चुनने में मदद करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सदुपयोग करने और निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने पर जोर दिया, ताकि युवा रोजगार पाने के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम का आयोजन बलिदानी सैनिक शिरोमणि
चिलकोटी बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट ट्रस्ट ने किया। कुमाऊं इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग सर्विसेज ने प्रायोजक के रूप में सहयोग दिया। ट्रस्ट की इस पहल को विद्यार्थियों को करियर के विविध विकल्पों से परिचित कराने और उनके भविष्य को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

फोटो_ दीप प्रज्वलित कर करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का शुभारंभ करते अतिथि।



