चंपावत: अमरू बैंड पर काल बना तीखा मोड़, खाई में समाया आरबीएम लदा डंपर!

Share This Post

बेलखेत से टनकपुर जा रहा था वाहन, हादसे में चालक घायल; पुलिस ने रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल।

चंपावत। पर्वतीय मार्गों पर तीखे मोड़ हादसों का सबब बन रहे हैं। अमरू बैंड के पास बुधवार को एक आरबीएम लदा डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से चालक को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, डंपर संख्या UK05CA-1619 बेलखेत से टनकपुर की ओर आरबीएम लेकर जा रहा था। अमरू बैंड से करीब 500 मीटर आगे तीव्र मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। दुर्घटना में बेलखेत, चल्थी निवासी 40 वर्षीय चालक नारायण सिंह पुत्र भूप सिंह को हल्की चोटें आईं।

सूचना मिलते ही कांस्टेबल कमलनाथ गोस्वामी, कुलदीप और आनंद नेगी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने राहगीरों के सहयोग से घायल चालक को बाहर निकाला और उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस की अपील- पहाड़ी सड़कों पर लापरवाही भारी पड़ सकती है। वाहन चालक तीखे मोड़ों पर गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें।

फोटो_खाई में गिरे डंपर के चालक का रेस्क्यू करती चंपावत पुलिस।


Share This Post