चंपावत: फार्मर रजिस्ट्री के लिए मैदान में उतरा प्रशासन, 29 शिविरों में होगा किसानों का पंजीकरण।

Share This Post

24 अक्टूबर से अभियान शुरू, 4 नवंबर तक लोहाघाट और बाराकोट में लगेंगे शिविर

चंपावत। किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी करने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। लोहाघाट और बाराकोट तहसीलों में 24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक 29 विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में किसानों को पंजीकरण के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मौके पर ही फार्मर रजिस्ट्री के साथ सेल्फ रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी मिलेगी।

अभियान के तहत लोहाघाट तहसील के 19 और बाराकोट तहसील के 10 राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्रों को शामिल किया गया है। लोहाघाट में 24, 28 और 30 अक्टूबर तथा बाराकोट में 24, 27 और 30 अक्टूबर के साथ 2 और 4 नवंबर को शिविर आयोजित होंगे।

बाराकोट तहसील का शिविर 27 अक्टूबर और बिसराड़ी क्षेत्र का शिविर 30 अक्टूबर को खंड विकास कार्यालय बाराकोट में लगेगा। बर्दाखान में 2 नवंबर को राजकीय पशु चिकित्सालय और बापरू में 4 नवंबर को राजकीय इंटर कॉलेज में शिविर आयोजित होगा। अन्य क्षेत्रों में निर्धारित विद्यालयों, पंचायत घरों और रामलीला मैदानों में पंजीकरण किया जाएगा।

मौके पर ही होगा अंश निर्धारण और पंजीकरण
शिविरों में कृषि, उद्यान, ग्राम विकास और राजस्व विभाग के कर्मचारी आवश्यक अभिलेखों के साथ मौजूद रहेंगे। किसानों की सुविधा के लिए इंटरनेट, लैपटॉप और बैठने की व्यवस्था की जाएगी। संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक प्रत्येक खातेदार का अंश निर्धारण कराकर मौके पर ही फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करेंगे। पंजीकरण के लिए निर्धारित ऑपरेटरों की उपस्थिति भी अनिवार्य रहेगी।


Share This Post