

SBI के CSR फंड से ITBP की 36वीं वाहिनी को मिले कंप्यूटर और अन्य संसाधन
लोहाघाट। हिमवीर परिवारों और सीमांत गांवों के बच्चों को आधुनिक शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने कदम बढ़ाया है। बैंक की लोहाघाट शाखा ने CSR कार्यक्रम के तहत ITBP की 36वीं वाहिनी को कंप्यूटर, प्रिंटर, टेबल और कुर्सियां प्रदान की हैं।
इन संसाधनों से बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी ज्ञान हासिल करने में मदद मिलेगी। पहल का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों के बच्चों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़कर उनके शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देना है।
36वीं वाहिनी के कमांडेंट संजय कुमार ने SBI के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल शिक्षा आज के दौर की जरूरत है। आधुनिक संसाधनों से बच्चों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने और उनके भविष्य के लिए नए अवसर तैयार करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर उप सेनानी मुकेश कुमार और राज कुमार, सहायक सेनानी मन मोहन और प्रवीन तथा SBI के चीफ मैनेजर विष्णु कांत, शाखा प्रबंधक प्रमोद चंद और राहुल बिष्ट उपस्थित रहे।
फोटो_ डिजिटल शिक्षा के महत्व पर जानकारी देते ITBP कमांडेंट संजय कुमार।





