चंपावत: ‘कभी ना नहीं कहने वाले’ स्वास्थ्यकर्मी, सेवा की मिसाल बने, गणतंत्र दिवस पर मिला सम्मान।

Share This Post

ईमानदारी, संवेदनशीलता और निस्वार्थ कर्तव्य ने दिलाया पहचान का सम्मान।

चंपावत।  स्वास्थ्य सेवाएं केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि मानवता का दायित्व होती हैं—और चंपावत स्वास्थ्य विभाग के दो कर्मियों ने वर्षों तक इसे कर्म बनाकर निभाया। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आरकेएसके काउंसलर सावित्री राय एवं जिला कोल्ड चैन पॉइंट में तैनात कोल्ड चैन हैंडलर खड़क सिंह फर्त्याल को उनके समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।

जहां मरीज पहले, वहां सावित्री राय_
सावित्री राय ने अपने कार्यकाल में अस्पताल से लेकर दूरस्थ क्षेत्रों तक जरूरतमंद मरीजों का सहारा बनकर सेवा दी। आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं पीड़ित लोगों के लिए उनका सहयोग केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संवेदनशील जिम्मेदारी रहा।
उनकी पहचान एक ऐसी स्वास्थ्यकर्मी के रूप में बनी, जो कभी मरीज को मना नहीं करतीं और हर स्थिति में समाधान खोजने का प्रयास करती हैं।

वैक्सीन की सुरक्षा, जिम्मेदारी से समझौता नहीं_ खड़क सिंह फर्त्याल
कोल्ड चैन हैंडलर खड़क सिंह फर्त्याल ने वर्षों तक वैक्सीन भंडारण और आपूर्ति व्यवस्था को अनुशासन और सतर्कता के साथ संभाला। अवकाश हो या आपात स्थिति—उनकी उपस्थिति ने हमेशा विभाग को भरोसा दिया।
वाहन सुविधा न होने पर भी स्वयं वैक्सीन को सुरक्षित पहुंचाना उनकी कार्यनिष्ठा और जिम्मेदारी को दर्शाता है।
दोनों कर्मियों की कार्यशैली ऐसी रही कि ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर तक किसी भी कार्य के लिए कर्मचारी निःसंकोच उनसे संपर्क करते रहे। तत्परता, सहयोग और सरल व्यवहार ने इन्हें विभाग का भरोसेमंद चेहरा बना दिया। लंबे समय से की गई निस्वार्थ सेवा को सम्मान देते हुए गणतंत्र दिवस 2026 पर इन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। यह सम्मान उन सभी स्वास्थ्यकर्मियों के लिए संदेश है, जो चुपचाप अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं।

जिला अस्पताल चंपावत में प्रशिक्षण एवं गुणवत्ता नियंत्रण के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कंचन जोशी, नीमा भट्ट, भावना जीना, ज्योति बोहरा, प्रवीण भट्ट एवं रवि भट्ट को भी गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया गया। इनके योगदान से स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और विश्वास दोनों मजबूत हुए हैं।

फोटो_ जिला सभागार में सावित्री राय को उनके उत्कृष्ट कार्यो के लिए सम्मानित करते जिलाधिकारी मनीष कुमार साथ में एडीएम व सीएमओ।


Share This Post