चंपावत: दीपावली से पहले बिजली कटौती की मार, टनकपुर-बनबसा में 8 घंटे गुल रहेगी बत्ती!

Share This Post

30 अक्टूबर को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक ठप रहेगी बिजली आपूर्ति, सभी फीडरों पर पड़ेगा असर!

टनकपुर/चंपावत। दीपावली की तैयारियों के बीच टनकपुर और बनबसा के लोगों को आठ घंटे बिजली कटौती झेलनी पड़ेगी। 30 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे घरेलू कामकाज से लेकर कारोबार तक प्रभावित होने की आशंका है।

विद्युत विभाग के अनुसार, दीपावली से पहले अनुरक्षण कार्य के चलते लोहियाहेड से बनबसा तक 132/33 केवी स्विचयार्ड से संबंधित फीडरों पर काम किया जाएगा। इसके चलते टनकपुर और बनबसा के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों से संचालित सभी फीडरों की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

विभाग ने उपभोक्ताओं से कटौती के समय को ध्यान में रखकर जरूरी काम निपटाने और वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की है। इन्वर्टर और जनरेटर चलाते समय विद्युत सुरक्षा के नियमों का पालन करने की सलाह भी दी गई है।


Share This Post