

120 में से 119 अंक हासिल कर 99.17 प्रतिशत के साथ फिर पाया पहला स्थान, 39 में से 38 मदों में ‘ए’ श्रेणी।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चंपावत के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में जनपद ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। बीस सूत्रीय कार्यक्रम की सितंबर माह की रैंकिंग में चंपावत ने प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल कर अपना दबदबा बरकरार रखा है। जनपद ने 120 में से 119 अंक प्राप्त कर 99.17 प्रतिशत स्कोर हासिल किया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में मूल्यांकन की कुल 39 मदों में से 38 में जनपद को ‘ए’ श्रेणी मिली है, जबकि केवल एक मद में ‘बी’ श्रेणी प्राप्त हुई है। खास बात यह है कि किसी भी मद में ‘सी’ या ‘डी’ श्रेणी नहीं मिली है। लगातार बेहतर प्रदर्शन से चंपावत ने विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अपनी मजबूत स्थिति साबित की है।
बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। विभागीय समन्वय, नियमित समीक्षा और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को इस उपलब्धि का आधार माना जा रहा है।
रैंकिंग में पिथौरागढ़ 96.58 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और चमोली 95.73 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। चंपावत ने लगातार प्रदेश में शीर्ष स्थान बनाए रखकर अन्य जनपदों के सामने भी बेहतर प्रदर्शन की मिसाल पेश की है।
फोटो_ बीस सूत्रीय कार्यक्रम की रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने वाला चंपावत जनपद।





