चंपावत: पटाखों की चिंगारी से छिन सकती है आंखों की रोशनी, दीपावली पर बरतें सावधानी: डॉ. राठी।

Share This Post

बच्चों को अकेले न छोड़ें, अभिभावक भी पहनें सुरक्षा चश्मा; आंख में चोट लगने पर न करें रगड़ने की गलती

लोहाघाट। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान बरती गई जरा सी लापरवाही आंखों की रोशनी हमेशा के लिए छीन सकती है। पटाखों से निकलने वाली चिंगारी आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। इसको लेकर उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विराज राठी ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

डॉ. राठी ने कहा कि बच्चों को पटाखे जलाते समय कभी अकेला न छोड़ें। अभिभावक उनके साथ मौजूद रहें और सुरक्षा के लिए बच्चे व बड़े दोनों चश्मे का इस्तेमाल करें। रॉकेट और अनार जैसे पटाखों को हाथ में पकड़कर जलाने के बजाय सुरक्षित दूरी से जलाएं। उन्होंने बताया कि पटाखे से आंख में चोट लगने पर उसे बिल्कुल न रगड़ें। आंख को 15 मिनट तक साफ पीने के पानी से धोएं और तत्काल चिकित्सालय पहुंचें।

शरीर के किसी भी हिस्से में पटाखे से चोट लगने पर घरेलू उपचार करने से बचें। वहीं, एक बार बुझ चुके पटाखे को दोबारा जलाने की कोशिश न करें।
डॉ. राठी ने कहा कि त्योहार की खुशियों के बीच सुरक्षा को नजरअंदाज न करें। अभिभावक बच्चों के साथ रहें और सावधानी बरतें, ताकि दीपावली का पर्व किसी की जिंदगी में अंधेरा न भर दे।

फोटो_डॉ. विराज राठी, नेत्र रोग विशेषज्ञ।


Share This Post