चंपावत: लोहाघाट में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, टिकट पर भी घमासान!

Share This Post

खुशाल अधिकारी की रैली में उमड़ी भीड़, कुमारी शैलजा समेत दिग्गजों ने सरकार को घेरा; टिकट बदलने की मांग से सामने आई गुटबाजी

लोहाघाट। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले लोहाघाट में सियासी शक्ति प्रदर्शन तेज हो गया है। भाजपा के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल की रैली के दो दिन बाद बुधवार को कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित कर अपनी ताकत दिखाई। रैली में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। जहां मंच से भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला गया, वहीं रैली के बीच टिकट बदलने की मांग ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान भी उजागर कर दी।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार की विदाई का मन बना चुकी है। अंकिता हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। शिक्षा व्यवस्था पर निशाना साधते हुए दावा किया कि साढ़े तीन हजार स्कूलों में एक-एक शिक्षक के भरोसे पढ़ाई हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो व्यवस्थाओं में बदलाव किया जाएगा।

खटीमा विधायक एवं विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता भुवन कापड़ी ने बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेरा। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की जमीन बाहरी लोगों को बेची जा रही है।

विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने जनता के हितों को प्राथमिकता दी है। रैली में पहुंचे लोगों को अपना समर्थक बताते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने सरयू पेयजल योजना को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक इसकी डीपीआर स्वीकृत नहीं हुई है। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए समर्थकों का आभार जताया।

बॉक्स_

टिकट बदलने के लगे नारे

रैली में शक्ति प्रदर्शन के बीच कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति भी सामने आ गई। प्रदेश प्रभारी का काफिला चंपावत से लोहाघाट पहुंचने के दौरान मानेसर में कुछ कार्यकर्ताओं ने मुन्ना सिंह ढेक और युवा जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के समर्थन में नारेबाजी की। उन्होंने लोहाघाट में कांग्रेस का टिकट बदलने की मांग उठाई। विधायक आवास के बाहर भी विरोध जताया गया। रैली समाप्त होने के बाद भी नाराज कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं के सामने अपनी बात रखी। इससे चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट की दावेदारी और गुटबाजी चर्चा में आ गई।

रैली का संचालन भुवन चौबे और प्रकाश मेहरा ने किया। इस दौरान पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक रंजीत रावत, हेमेश खर्कवाल, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक, जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल, मुन्ना सिंह ढेक, भगीरथ भट्ट, पूरन कठायत और पप्पू वर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फोटो_ कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का स्वागत करते हुए।


Share This Post