

आईटीबीपी कैंप के पास किया ट्रेंकुलाइज, डीएनए जांच से होगी नरभक्षी होने की पुष्टि।
17 दिन तक जंगलों में डटी रही वन विभाग की टीम।
लोहाघाट। सुई गांव में 13 वर्षीय बच्चे की जान लेने के बाद दहशत का कारण बने गुलदार को आखिरकार वन विभाग ने शुक्रवार सुबह ट्रेंकुलाइज कर लिया। 17 दिनों से गुलदार की तलाश में जुटी वन विभाग की टीम को सुबह करीब पांच बजे आईटीबीपी कैंप के पास सफलता मिली। नैनीताल जू से पहुंचे वरिष्ठ पशु चिकित्सक एवं ट्रेंकुलाइज विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु पांगती ने गुलदार को बेहोश कर काबू में किया। पकड़े गए गुलदार को अल्मोड़ा जू भेजा जा रहा है। उसके पकड़े जाने से ग्रामीणों के साथ ही वन विभाग की टीम ने भी राहत की सांस ली है।
डीएफओ धेनु पुरुषोत्तम ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार वयस्क नर है। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि चार नवंबर को 13 वर्षीय बच्चे पर हमला करने वाला गुलदार यही है। इसके लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने बताया कि गुलदार का विचरण क्षेत्र मायावती के जंगलों से लेकर बनगांव, झील क्षेत्र और झूमाधुरी के जंगलों तक फैला हुआ था।

गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने सुई गांव और आसपास के जंगलों में कैमरे लगाए थे। वनकर्मी लगातार रात-दिन निगरानी कर रहे थे। शुक्रवार सुबह आईटीबीपी कैंप के पास गुलदार की लोकेशन मिलने पर एसडीओ सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। नैनीताल से आए विशेषज्ञ डॉ. पांगती ने कार्रवाई कर गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया।
चार नवंबर को बच्चे की मौत के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। गुलदार की लगातार बदलती लोकेशन और दीपावली के दौरान पटाखों के शोर के कारण अभियान में काफी दिक्कतें आईं। कड़ाके की ठंड में वनकर्मियों को लगातार जंगलों में गश्त करनी पड़ी। गुलदार के भय से स्कूली बच्चों की आवाजाही भी प्रभावित हुई थी। बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी ने उन्हें घर से स्कूल लाने और वापस पहुंचाने की व्यवस्था की। जिला प्रशासन की ओर से गांव के आसपास सोलर लाइटें भी लगवाई गई थीं।
डीएफओ ने अभियान में जुटी वन विभाग की टीम और सहयोग करने वाले ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जब तक डीएनए जांच से गुलदार के नरभक्षी होने की पुष्टि नहीं होती, तब तक क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे यथावत रखे जाएंगे।
उधर, अवकाश पर होने के बावजूद जिलाधिकारी मनीष कुमार लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे। उन्होंने वन विभाग की टीम के प्रयासों और ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की। इधर, चिड़ियाडूंगा गांव में भी पिछले तीन-चार दिनों से गुलदार दिखाई देने और उसकी आवाज सुनाई देने की सूचना है। हालांकि, वहां दिखाई देने वाले गुलदार की पहचान नहीं हो पाई है।
बॉक्स_
17 दिन जंगलों में डटे रहे वनकर्मी, अब मनाएंगे बूढ़ी दीपावली।
गुलदार को पकड़ने के अभियान में एसडीओ सुनील कुमार के नेतृत्व में करीब 15 वनकर्मी लगातार 17 दिनों तक क्षेत्र में डटे रहे। लगातार गश्त और निगरानी के चलते कर्मचारी अपने परिवारों के साथ दीपावली भी नहीं मना पाए। गुलदार के पकड़े जाने के बाद टीम ने राहत की सांस ली है। वनकर्मियों का कहना है कि अब वे परिवार के साथ बूढ़ी दीपावली मनाएंगे।
फोटो_गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने के बाद मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारी और विशेषज्ञ चिकित्सक।






