चंपावत: मुख्यमंत्री से मुलाकात के भरोसे पर पशुपालकों का आंदोलन स्थगित, 25 नवंबर को नहीं होगा प्रदर्शन।

Share This Post

मुख्यमंत्री धामी और डीएम मनीष कुमार का जताया आभार, देहरादून में वार्ता के बाद तय होगी आंदोलन की अगली रणनीति

चंपावत। पशुपालकों की मांगों को लेकर 25 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल टल गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में मुलाकात और वार्ता कराने के आश्वासन के बाद दुग्ध संगठन चंपावत ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। संगठन ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी मनीष कुमार का त्वरित पहल के लिए आभार जताया है।

दुग्ध संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश बिष्ट ने बताया कि संगठन की ओर से संयुक्त हस्ताक्षरों से सौंपे गए ज्ञापन पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की। जिलाधिकारी ने पत्रांक 635/बीस-न्यायसहा0/2026-27 के माध्यम से सचिव, मुख्यमंत्री उत्तराखंड शासन को पत्र भेजकर पशुपालकों की समस्याओं और 15 सूत्रीय मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।

ज्ञापन में पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में पशुपालन एवं दुग्ध व्यवसाय पर बढ़ते संकट, पशुपालकों के आर्थिक शोषण, वन्यजीवों से पशुधन की सुरक्षा, चारे की कमी और पशु चिकित्सा सुविधाओं की बदहाली जैसे गंभीर मुद्दे उठाए गए हैं। संगठन ने इन समस्याओं के समाधान के लिए राज्य स्तर पर नीतिगत हस्तक्षेप की मांग की है।

राजेश बिष्ट ने बताया कि 23 नवंबर को चंपावत दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पशुपालकों के शिष्टमंडल को देहरादून में वार्ता का भरोसा दिया था। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात के लिए तिथि और समय निर्धारित करने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के भरोसे के बाद संगठन ने 25 नवंबर का प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया है। राजेश बिष्ट ने स्पष्ट किया कि आंदोलन स्थगित करना पशुपालकों की कमजोरी नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री के आश्वासन पर जताया गया विश्वास है। उन्होंने कहा कि देहरादून में वार्ता के बाद सभी पशुपालक सामूहिक रूप से बैठकर आगे की रणनीति तय करेंगे। तब तक सभी पशुपालकों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

फोटो_दुग्ध संगठन जिलाध्यक्ष राजेश बिष्ट।


Share This Post