

चंद्रमा की रोशनी में 10 किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई कर सूर्योदय पर मंदिर पहुंची शोभायात्रा।
लोहाघाट। लधियाघाटी क्षेत्र का प्रसिद्ध और विशिष्ट परंपरा वाला शिव शक्तिपीठ लधौनधुरा मेला आज अपूर्व श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हो गया। यह उत्तराखंड का ऐसा विशिष्ट मेला है, जिसमें रात करीब 1:00 बजे चंद्रमा की रोशनी में 10 किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पार करते हुए भगवान शिव, पार्वती और गणेश जी की शोभायात्रा सुबह उस समय मंदिर के शिखर पर पहुंचती है, जब सूर्य की पहली किरण शोभायात्रा का अभिषेक करती है।
शोभायात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। लोग इसमें शामिल होने को बेहद पुण्य का कार्य मानते हैं। प्राचीन काल से चली आ रही इस लोक परंपरा के लोग पीढ़ी-दर-पीढ़ी साक्षी बनते आ रहे हैं। शोभायात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद पारंपरिक रूप से परिक्रमा की गई और देव डांगरों ने सभी के मंगलमय भविष्य की कामना की।
घने जंगलों और चांदनी रात के बीच भगवान शिव का जयकारा करते हुए जब शोभायात्रा आगे बढ़ रही थी, तो पूरा वातावरण आस्था और विश्वास से सराबोर हो गया। यात्रा को दो स्थानों पर विश्राम दिया गया। शोभायात्रा के आगे बिरगुल के छड़ीदार और खरही के अनुसूचित जाति के लोग परंपरागत रूप से हाथों में डंडे और लोहे की छड़ी लेकर डोले की रक्षा करते हुए चलते हैं।
खरही मेला कमेटी के अध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, लधौनधुरा मेला कमेटी के अध्यक्ष कैलाश सिंह महराना, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना, शिवराज सिंह, कमल भट्ट, रमेश शर्मा, दिलीप सिंह, मदन सिंह, दुर्गा नाथ और पूर्णानंद शर्मा सहित कई लोग व्यवस्थाओं में जुटे रहे। शोभायात्रा से लौटते समय गोली और बिरगुल के युवाओं ने भंडारे की व्यवस्था की, जिसमें सभी ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। यह सामाजिक समरसता का ऐसा मेला है, जहां अनुसूचित जातियों की उपस्थिति के बिना डोला उठता ही नहीं है।
फोटो_लधौनधुरा मेले का दृश्य।




