

रातभर भजन-कीर्तन और लोकगीतों से गूंजा महाकाली नदी तट, श्रद्धालुओं ने लिया देव आस्था का आशीर्वाद।
लोहाघाट। भारत-नेपाल सीमा पर महाकाली नदी के तट पर आयोजित ऐतिहासिक नगरूंघाट मेला मंगलवार सुबह धार्मिक परंपराओं और अपार श्रद्धा के बीच संपन्न हो गया। पूरी रात चले मेले में देव आस्था, लोक संस्कृति और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सल्टा, बगोटी और जमरसों गांवों से पहुंचे देवरथों और श्रद्धालुओं के जत्थों ने मंदिर की परिक्रमा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्री नागार्जुन मंदिर एवं नगरूंघाट मेला समिति के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले की रौनक बढ़ा दी। सिद्धेश्वर कला केंद्र खटीमा के दलनायक नर सिंह कुंवर के नेतृत्व में प्रख्यात गायिका रेनू उपाध्याय, बाल गायक शिवांशु मेहता और रागिनी कुंवर ने शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, मां झुमाधुरी कीर्तन मंडली प्रेमनगर पाटन की अध्यक्ष भावना गड़कोटी के नेतृत्व में महिला कलाकारों ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति से माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। भजन-कीर्तन और लोकगीतों से पूरा नगरूंघाट क्षेत्र गुंजायमान रहा।
मेले में पहुंचे पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, हुकुम सिंह कुंवर, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री मनोहर सिंह ढेक उर्फ मुन्ना ढेक, सेतु आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी, उत्तराखंड क्रांति दल के दरवान सिंह रजवार, राजेंद्र पुनेठा और पूर्व ब्लॉक प्रमुख उषा देवी सहित अन्य अतिथियों का मेला समिति ने स्वागत किया।
मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारियों ने दुकानें सजाई थीं। श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों से पूरी रात मेले में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
इस दौरान मेला समिति अध्यक्ष जगदीश चंद्र कलौनी, सचिव कमल बोहरा, कोषाध्यक्ष रमेश चंद, मेला प्रभारी विक्रम सिंह सामंत, प्रेम सिंह, ग्राम प्रधान चंद्रकांत तिवारी, बहादुर चंद, प्रकाश सामंत, गणेश बोहरा, ईश्वर बोहरा, हिम्मू चंद, हुकुम सिंह, ग्राम प्रधान मोहन सिंह, कमल कुंवर, मदन सिंह सामंत, खीम सिंह कुंवर और उमाकांत पुनेठा सहित अनेक लोग व्यवस्थाओं में जुटे रहे। कार्यक्रम का संचालन फार्मेसी अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पांडेय और कमल बोहरा ने संयुक्त रूप से किया।
फोटो_भजन-कीर्तन की प्रस्तुति देते कलाकार।




