

पुल्ला पंचेश्वर में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 4 किलो 100 ग्राम चरस बरामद; तस्करी के नेटवर्क की तलाश तेज।
चंपावत। ऑपरेशन प्रहार के तहत चंपावत पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुल्ला पंचेश्वर क्षेत्र से एक तस्कर को 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में नहीं, बल्कि अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर बुधवार को थाना लोहाघाट पुलिस और एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने संयुक्त अभियान चलाया। सूचना के आधार पर टीम ने पुल्ला पंचेश्वर क्षेत्र में घेराबंदी कर सुरेश सिंह तिसल्ला निवासी खतेड़ा मल्ला, पंचेश्वर को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह लोहाघाट क्षेत्र से चरस एकत्रित कर उत्तर प्रदेश के नवाबगंज (बरेली) निवासी भरतवीर गंगवार उर्फ पंडित जी को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब चरस के स्रोत और खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य चेहरों तक भी पहुंचा जा सके।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा सहित लोहाघाट पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं यूनिट की टीम शामिल रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
फोटो_ 25 लाख रुपये की चरस के साथ गिरफ्तार आरोपी और बरामद चरस।




