चंपावत। नगर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद ने सख्त रुख अपनाते हुए पॉलीथीन और अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक चालानी अभियान चलाया। अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी के निर्देश पर नगर पालिका की टीम ने आज नगर के मुख्य बाजार, बस स्टेशन रोड, तहसील रोड और आसपास के क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान कई दुकानदारों द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग करने तथा दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण करने का मामला सामने आया। टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल सात चालान काटे और उनसे 2,300 रुपये का राजस्व वसूला।
चालान किए गए लोगों में अरविन्द, सराफत, अशोक, राजेश सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे। नगर पालिका की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली और कई दुकानदार अपने सामान को तुरंत अंदर रखते नजर आए।
अधिशासी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नगर को साफ-सुथरा रखने और यातायात सुगम बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे पॉलीथीन का उपयोग बंद करें और अतिक्रमण न करें, अन्यथा भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चालानी कार्रवाई में_
आशीष धीमान, प्रकाश गिरी,पवन पांडे,सूरज पुनेठा, प्रकाश नाथ, ललित मोहन शामिल रहे।
चंपावत: पॉलीथीन व अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई, सात चालान काटकर 2,300 रुपये वसूले।
