चंपावत: पीडब्ल्यूडी मिनिस्ट्रियल कर्मियों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार, कार्यालयों में आज से धरना शुरू।

Share This Post

लोहाघाट। उत्तराखण्ड लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन की प्रान्तीय कार्यकारिणी के आह्वान पर निर्माण खण्ड, लोक निर्माण विभाग लोहाघाट के समस्त मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने सोमवार, 09 फरवरी से पूर्वाह्न 10 बजे से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। सभी कर्मचारी कार्यालय परिसर में शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए हैं।


धरने पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि यह कार्य बहिष्कार प्रान्तीय कार्यकारिणी, देहरादून के पत्रांक 33/मि.नी.स./कैम्प देहरादून, दिनांक 06.02.2026 के अनुपालन में किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर संगठन के निर्देशों का पालन करेंगे और अग्रिम आदेशों तक कार्य बहिष्कार जारी रखेंगे।
धरना स्थल पर कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की और चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

कर्मचारियों का कहना है कि उनकी जायज़ मांगों को लंबे समय से अनदेखा किया जा रहा है, जिससे उनमें रोष व्याप्त है।
कार्य बहिष्कार के कारण लोक निर्माण विभाग से जुड़े कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आम जनता और निर्माण कार्यों पर असर पड़ सकता है।
धरने में प्रमुख रूप से सुरेंद्र सिंह सौन, निर्मल जोशी, पंकज सिंह, प्रकाश जोशी, हरीश पंवार, मोना सिंह, संदीप कुमार आदि कर्मचारी मौजूद रहे।


Share This Post