21 फरवरी से बोर्ड परीक्षा, चंपावत में 44 केंद्रों पर 5356 छात्र देंगे परीक्षा।

Share This Post

चंपावत।  उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं जनपद में 21 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 मार्च तक संचालित होंगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर एडीएम केएन गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि इस वर्ष जनपद से कुल 5356 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 2879 तथा इंटरमीडिएट के 2477 छात्र-छात्राएं हैं। सभी परीक्षाएं एकल पाली में आयोजित की जाएंगी।
जनपद में कुल 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 43 मिश्रित तथा एक एकल केंद्र शामिल है। इस वर्ष डांडा ककनाई और खटोली में दो नए केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
एडीएम ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू रहेगी तथा सचल दलों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में शिक्षा विभाग एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।


Share This Post