गढ़कोट के डाबरी तोक में आकाशीय बिजली ने मचाई तबाही, जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन तुरंत पहुंचा मौके पर।
चंपावत। पहाड़ में मौसम की मार एक बार फिर भारी पड़ गई। तहसील चम्पावत के गढ़कोट पट्टी क्षेत्र स्थित डाबरी तोक में रविवार को आकाशीय बिजली ने एक गरीब पशुपालक की मेहनत पर कहर बरपा दिया। तेज गर्जना के बीच गिरी बिजली से गौशाला में आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरी गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक बछिया जिंदा जल गई, जबकि एक दुधारू गाय को ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना ग्राम गढ़कोट निवासी डूंगर देव पुत्र सीताराम की गौशाला में हुई। बताया जा रहा है कि बिजली गिरते ही छत पर रखी सूखी घास धधक उठी और आग तेजी से फैल गई। आग की लपटों के बीच बंधी बछिया को बचाने का मौका नहीं मिल सका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गौशाला पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर राजस्व और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया। तहसीलदार बृजमोहन आर्या समेत राजस्व व पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।
जिलाधिकारी ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र रिपोर्ट तैयार कर शासन की ओर से अनुमन्य राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
फोटो_गढ़कोट के डाबरी तोक में आकाशीय बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त गौशाला का निरीक्षण करते राजस्व एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी।
चंपावत: आसमानी आफत का कहर- पलभर में राख हुई गौशाला, बछिया की दर्दनाक मौत।

