चंपावत: भानु तड़ागी ने एबीवीपी को दिया बड़ा झटका, 536 वोटों से जीता अध्यक्ष पद।

Share This Post

तगड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच मतगणना; जीत के बाद जुलूस, पटाखों और मिठाई से जश्न।

चंपावत। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर चंपावत के छात्रसंघ चुनाव 2026-27 में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी भानु तड़ागी ने एबीवीपी प्रत्याशी सागर मौनी को 536 मतों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। भानु तड़ागी को 754, जबकि सागर मौनी को 218 मत मिले। सात मत अवैध रहे और छह मतदाताओं ने NOTA का विकल्प चुना। भानु तड़ागी पूर्व में एबीवीपी से जुड़े रहे हैं। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरकर एबीवीपी प्रत्याशी को चुनौती दी। परिणाम में उन्होंने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा सीट चंपावत में हुए इस परिणाम को लेकर परिसर की छात्र राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। मतदान से लेकर मतगणना और परिणाम घोषित होने तक सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई। करीब दो घंटे चली मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
परिणाम घोषित होते ही भानु तड़ागी के समर्थकों में उत्साह छा गया। समर्थकों ने शहर में जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान पटाखे फोड़े गए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई गई। जुलूस में समर्थकों ने नारेबाजी भी की।

उपाध्यक्ष पद पर निकेश भट्ट 707 मत लेकर विजयी रहे। उनके प्रतिद्वंद्वी मोहित कुमार को 223 मत मिले। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर हर्षिता भट्ट ने 668 मतों के साथ जीत दर्ज की, जबकि रिद्धि सुदन को 264 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर प्रीति 605 मत लेकर विजयी रहीं। अंकिता गोस्वामी को 316 मत मिले। सचिव पद पर ललित मोहन जोशी, संयुक्त सचिव पर शिवानी गिरी, सांस्कृतिक सचिव पर सुनीता भट्ट, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पर देवेंद्र सिंह नेगी, कला संकाय प्रतिनिधि पर कविता थ्वाल और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पर अमित कुमार निर्विरोध निर्वाचित हुए।

फोटो_ छात्रसंघ चुनाव में विजयी सभी प्रत्याशी एक साथ।


Share This Post