चंपावत: कलश संगीत प्रतियोगिता के दूसरे दिन गूंजे सुर, प्रतिभाओं ने बांधा समां।

Share This Post

चंपावत। कलश संगीत कला समिति द्वारा आयोजित वार्षिक संगीत प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस में प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुगम संगीत, शास्त्रीय गायन और शास्त्रीय वादन की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को सुरों की मधुरता से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, अनुशासन और संस्कृति से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण विधा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं तथा भारतीय संगीत परंपरा को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
जिलाधिकारी ने कलश संगीत कला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समिति स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने भविष्य में भी प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल विकास निगम के निदेशक रोहित बिष्ट, डॉ. मनीषा, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, ग्राम प्रधान रेखा भट्ट, सभासद प्रेमा चिलकोटी, फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री डॉ. सतीश पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी गायन एवं वादन प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन स्वर, ताल, लय, प्रस्तुति और मंच कौशल के आधार पर किया। शास्त्रीय संगीत की गंभीरता और सुगम संगीत की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. बी.सी. जोशी ने किया। उन्होंने समिति की गतिविधियों और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
समिति अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रेम बल्लभ भट्ट, गिरीश पंत, दिनेश बिष्ट, महेश जोशी, नवीन पंत, जनार्दन चिलकोटी, राजेंद्र गहतोड़ी, सागर मौनी, संतोष पांडेय सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं युवा स्वयंसेवक कंचन, हर्षित, ध्रुव और आयुष भट्ट ने व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया। अंत में समिति अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति का उद्देश्य क्षेत्र की संगीत प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी कला के दम पर बड़े मंचों तक पहुंच सकें। प्रतियोगिता के आगामी चरणों को लेकर प्रतिभागियों और संगीत प्रेमियों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

फोटो_जिलाधिकारी का स्वागत करते समिति अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया।


Share This Post