अमोड़ी और ललुवापानी में नए विद्युत उपकेंद्र, पूर्णागिरि मार्ग पर स्ट्रीट लाइट और भूमिगत बिजली लाइन परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर।
चंपावत। सीमांत जनपद चंपावत में विद्युत सुविधाओं को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने शनिवार को चंपावत का दौरा कर जिले की विद्युत व्यवस्थाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाएं तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। प्रबंध निदेशक ने जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अमोड़ी एवं ललुवापानी में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों, ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट, दूरस्थ गांवों के विद्युतीकरण तथा चंपावत मुख्य बाजार में बिजली की भूमिगत लाइन बिछाने जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
दौरे के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी मनीष कुमार से भी मुलाकात कर प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति पर विचार-विमर्श किया।
जिलाधिकारी ने अमोड़ी और ललुवापानी में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। यूपीसीएल एमडी ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री घोषणा के तहत ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट परियोजना को 30 अक्टूबर से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विद्युत अवसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। बैठक में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सुनील पुनेठा, प्रकाश बिनवाल, आनंद अधिकारी, चंदन बोहरा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की विद्युत समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
फोटो – चंपावत में यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ध्यानी एवं उनके साथ आए उच्चाधिकारियों को चंपावत दर्शन पुस्तिका भेंट करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत की बिजली व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत, यूपीसीएल एमडी ने विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश।
