चंपावत: गोल्ज्यू महोत्सव-2026 का भव्य आगाज़, लोक संस्कृति की धुनों पर देर रात तक झूमता रहा चंपावत।

Share This Post

फौजी ललित मोहन जोशी, स्वाति भट्ट और दर्शन पासवान की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, स्टार नाइट में उमड़ा जनसैलाब।


चंपावत। ऐतिहासिक गोल्ज्यू महोत्सव-2026 का रंगारंग आगाज़ होते ही पूरा चंपावत लोक संस्कृति और संगीत के रंग में सराबोर हो गया। देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हजारों दर्शकों की भीड़ उमड़ी और पूरा पंडाल कुमाऊंनी-गढ़वाली गीतों की धुनों पर झूमता नजर आया।
7 मई से शुरू हुआ यह महोत्सव 16 मई तक चलेगा। महोत्सव के तहत 14, 15 और 16 मई को विशेष सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ प्रदेश के चर्चित लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। दोपहर 4 बजे से शाम 7 बजे तक चले प्रथम सत्र में स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सरस्वती शिशु मंदिर चंपावत और एशियन एकेडमी के विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं स्थानीय कलाकार अनुज पांडे, सौरभ पांडे, हर्षित जोशी, रंजू, रोहन, सिद्धि और वैष्णवी ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साह से भर दिया। रात्रि 8 बजे से शुरू हुए द्वितीय सत्र में मंच पर स्टार कलाकारों का जलवा देखने को मिला। चंपावत में पहली बार प्रस्तुति देने पहुंचे फौजी गायक ललित मोहन जोशी ने अपने चर्चित गीतों से ऐसा रंग जमाया कि देर रात तक दर्शक झूमते रहे। “नैनीताल की माधुरी”, “टकाटक कमला”, “आज का दिन”, “तू होली घर”, “कश्मीरा बॉर्डर” जैसे गीतों पर युवाओं ने जमकर डांस किया।
कुमाऊंनी-गढ़वाली और जौनसारी गायक दर्शन पासवान ने “हे नंदा, हे गौरा” स्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत कर भक्तिमय माहौल बना दिया। इसके बाद “झुमका”, “मोती मैना”, “लाल बिंदुली” और “रंगीली बाना” जैसे गीतों ने दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
लोकगायिका स्वाति भट्ट के गीत “सलामी दो हाथों की दियुला” और “राम दाई को होटल” पर पूरा पंडाल झूम उठा। वहीं लच्छू पहाड़ी की कॉमेडी और डांस प्रस्तुति ने लोगों को हंसी से लोटपोट कर दिया, जबकि हरीश जोशी के गीतों ने समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महोत्सव अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर परिषद पर्यावरण राज्य मंत्री हरि प्रिया जोशी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, मंदिर समिति अध्यक्ष श्याम सिंह कार्की, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, नगरपालिका अध्यक्ष रेखा देवी, भाजपा नेता शंकर दत्त पांडे और पूर्व जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुडिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बी सी जोशी,राजेंद्र गहतोड़ी, और नीरज जोशी द्वारा किया गया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी, सिटी मैनेजर महेश चौहान और पालिका टीम ने व्यवस्थाओं में अहम भूमिका निभाई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समन्वय में मुकेश गिरी, रोहित बिष्ट और प्रदीप भट्ट का विशेष सहयोग रहा। अध्यक्ष प्रेमा पांडे और उनकी टीम कार्यक्रम की समाप्ति तक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटी रही। 15 मई को भी कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित होंगे। पहले सत्र में स्थानीय कलाकार और विद्यालयी छात्र-छात्राएं प्रस्तुति देंगे, जबकि दूसरे सत्र में संस्कृति विभाग से आमंत्रित पायल सांस्कृतिक कला केंद्र अल्मोड़ा की टीम मंच संभालेगी। स्टार कलाकारों में खुशी जोशी, गोविंद अधिकारी, सौरभ मैथानी और श्वेता मेहरा अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

फोटो – गोल्ज्यू महोत्सव-2026 में प्रस्तुति देते लोक कलाकार ।


Share This Post