चंपावत: टीईटी की बाध्यता खत्म करो, पुरानी पेंशन बहाल करो; शिक्षकों का हुंकार।

Share This Post

लोहाघाट में प्राथमिक शिक्षक संघ का शक्ति प्रदर्शन, मांगें नहीं मानीं तो उग्र आंदोलन और 2027 चुनाव में असर की चेतावनी।


लोहाघाट। शुक्रवार को उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने अपनी वर्षों पुरानी मांगों को लेकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह फर्त्याल और ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में शिक्षकों ने खंड शिक्षा कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षकों ने रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर उप जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा। शिक्षकों ने वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की बाध्यता से मुक्त करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा आरटीई लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवा अधिकार सुरक्षित रखने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह फर्त्याल ने कहा कि 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता थोपना न्यायसंगत नहीं है। सरकार को तत्काल इस बाध्यता को समाप्त कर पुरानी पेंशन लागू करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो शिक्षक संगठन आंदोलन को और उग्र करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश सिंह फर्त्याल ने कहा कि यदि सरकार कर्मचारियों और शिक्षकों की मांगों की लगातार अनदेखी करती रही तो इसका असर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भी दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितों की उपेक्षा करने वाली सरकार को दोबारा सत्ता में बैठाने का अवसर नहीं दिया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने वर्ष 2010 में टीईटी को न्यूनतम योग्यता बनाया था, इसलिए इससे पहले नियुक्त शिक्षकों पर इसे लागू करना उचित नहीं है। हालिया न्यायालयीय निर्णयों के बाद हजारों शिक्षकों का भविष्य अनिश्चित हो गया है, ऐसे में सरकार को विधायी कदम उठाकर राहत देनी चाहिए। साथ ही अक्टूबर 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए भी पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की गई।
प्रदर्शन में जगदीश अधिकारी, जीवन मेहता, चन्द्र किशोर पांडेय, गोविंद मेहता, नरेश जोशी, मयंक पुनेठा, पान सिंह चमलेगी, प्रकाश तड़ागी, नरेश फर्त्याल, कैलाश ओली, नीमा टम्टा, महेश उप्रेती, नवीन वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

फोटो  – लोहाघाट में अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करते प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी एवं शिक्षक।


Share This Post