आगामी विधानसभा चुनाव में ‘धामी फैक्टर’ तय, चंपावत से उठी समर्थन की मजबूत आवाज।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नेतृत्व क्षमता पर अब भाजपा का शीर्ष नेतृत्व खुलकर भरोसा जताता नजर आ रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया मीडिया इंटरव्यू में यह स्पष्ट संकेत मिला कि उत्तराखंड का अगला विधानसभा चुनाव धामी के चेहरे और नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
वर्ष 2021 में जब भाजपा ने युवा चेहरे के रूप में धामी को देवभूमि की कमान सौंपी थी, तब उनके अनुभव को लेकर कई तरह के सवाल खड़े किए गए थे। लेकिन धामी ने अपनी पहली ही बड़ी परीक्षा में पार्टी को सत्ता तक पहुंचाकर सभी आशंकाओं को पीछे छोड़ दिया। भले ही वह स्वयं चुनाव हार गए, लेकिन उनकी नेतृत्व क्षमता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें दोबारा मौका दिया—जो भारतीय राजनीति में एक अलग उदाहरण बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धामी पर विशेष भरोसा भी उनकी पहचान को मजबूत करता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कम उम्र में ही धामी की कार्यशैली में स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी जैसी परिपक्वता दिखाई देती है, जो उन्हें अलग पहचान देती है।
बॉक्स
“मुख्यमंत्री का ऋण चुकाना आसान नहीं”
चंपावत। ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसा नेतृत्व मिलेगा। उनके अनुसार,
“जो कुछ हो रहा है, वह ईश्वर की कृपा और धामी के नेतृत्व का परिणाम है। चंपावत को मॉडल जिले के रूप में विकसित करने का जो काम हो रहा है, उसका ऋण चुकाना आसान नहीं है।”
“राज्य को मिली नई पहचान”
नगर पालिका चंपावत की अध्यक्ष प्रेमा पांडे का कहना है कि धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को देशभर में नई पहचान मिली है। चंपावत जैसे पिछड़े जिले में जो बदलाव दिखाई दे रहा है, उसे आगे बढ़ाने के लिए उनका नेतृत्व लंबे समय तक जरूरी है। सभासद प्रेमा चिलकोटी का कहना है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह बयान प्रदेश की जनता की भावनाओं को दर्शाता है। धामी ने अपने सरल व्यवहार और विकास की सोच से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है और वह युवाओं के प्रेरणास्रोत बन चुके हैं।
“महिलाओं के मन की बात कही”
भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष दीपा जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने वही कहा है, जो प्रदेश की महिलाएं लंबे समय से महसूस कर रही थीं। प्रधानमंत्री मोदी के विजन को आगे बढ़ाने के लिए धामी जैसे मजबूत नेतृत्व की जरूरत है।
चंपावत: धामी के नेतृत्व पर भाजपा की मुहर, राष्ट्रीय अध्यक्ष के संकेत से गरमाई सियासत।

