चंपावत:  पाटी नगर पंचायत के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने ली शपथ, विकास की नई उम्मीदों के साथ शुरू हुआ कार्यकाल।

Share This Post

पहली नगर पंचायत की ऐसी मजबूत बुनियाद रखी जाएगी जिसके ऊपर नगर क्षेत्र के लोगों की टीकी होगी आसाए।


लोहाघाट। ग्रामीण क्षेत्र से नगर पंचायत के रूप में अस्तित्व में आई पाटी नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सभासदों को बुधवार को आयोजित सादे समारोह में उप जिलाधिकारी नितेश डांगर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नगर पंचायत पाटी में अध्यक्ष सहित चार वार्ड सदस्य निर्वाचित हुए हैं। शपथ ग्रहण करने वालों में अध्यक्ष नारायण लाल तथा सभासद शांति देवी, बबलू पाटनी, नवल पंचोली और संगीता शामिल रहे। शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन एवं जनता का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम से पूर्व नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सभासदों ने उप जिलाधिकारी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन भगवान राम ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष नारायण लाल ने कहा कि वह सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर पाटी नगर पंचायत के विकास की ऐसी मजबूत नींव रखेंगे जिसमें नगर क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं व भावनाएं टीकी होगी।
शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित लोगों ने अध्यक्ष एवं सभासदों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। हालांकि नगर पंचायत बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि के बावजूद समारोह में अपेक्षित जनभागीदारी देखने को नहीं मिली। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी मोहित मेहता, राजू बोरा, पूर्व तहसीलदार भगीरथ सौराडी, घनश्याम पचौली, लवी पाटनी, रमेश गोस्वामी, मदन पचौली, राजेंद्र गहतोड़ी, रंगकर्मी सुरेश राजन तथा भैरव राय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दो ग्राम पंचायतों को मिलाकर गठित लगभग 3300 की आबादी वाली पाटी नगर पंचायत को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत गठन के लिए वर्षों तक संघर्ष करने वाले कई वरिष्ठ एवं विशिष्ट नागरिकों को समारोह में आमंत्रित करने में कंजूसी देखने को मिली। लोगों का मानना है कि ऐसे अवसर विकास की नई संभावनाओं पर सामूहिक चर्चा और भविष्य की दिशा तय करने के लिए महत्वपूर्ण होते हैं।


फोटो_उप जिलाधिकारी नितेश डांगर का स्वागत करते पाटी नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सभासद।


Share This Post